
नई दिल्ली जम्मू-कश्मीर और लद्दाख को अपनी वेबसाइट पर अलग देश के रूप दिखाने वाले मैप को ट्विटर ने वापस ले लिया है। विवादित मैप सामने आने के बाद भारत में ट्विटर को कड़ी आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा था। सोमवार रात को कंपनी ने विवादित नक्शा हटा लिया।सोमवार सुबह ही कंपनी की वेबसाइट पर यह नक्शा सामने आया था। वेबसाइट पर करियर सेक्शन में ‘ट्वीप लाइफ’ शीर्षक के अंदर यह आपत्तिजनक नक्शा दिखाई दिया था। नए आईटी रूल्स को लेकर कंपनी की भारत सरकार के साथ तनातनी जारी है, इस बीच विवादित नक्शा सामने आने पर ट्विटर की मंशा पर सवाल खड़े हो गए थे। कंपनी को इसकी वजह से भारी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। देशवासियों ने मैप को लेकर कड़ा विरोध जताया और माइक्रोब्लॉगिंग मंच के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। ट्विटर पर #TwitterBan ट्रेंड होने लगा।
यह पहली बार नहीं है…
पिछले साल अक्टूबर में ट्विटर को उस वक्त लोगों की भारी आलोचना और आपत्ति का सामना करना पड़ा था, जब उसका जियोटैगिंग फीचर केंद्र शासित क्षेत्र लद्दाख में शहीद सैनिकों के लिए बनाए गए युद्ध स्मारक लेह के हॉल ऑफ फेम से एक सीधे प्रसारण के दौरान “जम्मू कश्मीर, पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना” दर्शा रहा था। भारत ने उस समय ट्विटर को सख्त चेतावनी जारी करते हुए स्पष्ट किया था कि देश की संप्रभुता और अखंडता के प्रति ऐसा असम्मान पूर्णत: अस्वीकार्य है। नवंबर में सरकार ने ट्विटर को लेह को केंद्र शासित क्षेत्र लद्दाख का हिस्सा दिखाने के बजाए जम्मू कश्मीर का हिस्सा दिखाने पर नोटिस जारी किया था और इस मंच द्वारा गलत नक्शा दिखाकर भारत की क्षेत्रीय अखंडता के प्रति असम्मान को लेकर उसकी आलोचना की थी।
ट्विटर की स्पष्ट निरंकुशता तब सरकार की जांच के दायरे में आ गई जब माइक्रोब्लॉगिंग मंच ने नए नियमों, जिन्हें मध्यस्थ दिशानिर्देश कहा जाता है, का पूरी तरह पालन नहीं किया। नए नियम एक मजबूत शिकायत निवारण तंत्र और कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय के लिए अधिकारियों की नियुक्ति करने को अनिवार्य बनाते हैं।