
इंडिया फर्स्ट। जगदलपुर
भारतीय चुनाव आयोग द्वारा जब से छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान किया गया है तब से प्रदेश की सियासत में लगातार भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस के बीच दलबदल और जोरदार जुबानी जंग तेज हो चुकी है। आपको बता दें की छत्तीसगढ़ में दो चरणों में विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसमें पहले चरण की वोटिंग 7 नवबंर को और दूसरे चरण की वोटिंग 17 नवंबर को होने वाली हैं। वहीं, 3 दिसंबर को परिणाम आने हैं। लेकिन इसी बीच सत्ता में वापसी का सपना देख रही कांग्रेस की दूसरी सूची जारी होने से पहले जोरदार झटका लगा है।
महामंत्री केदार कश्यप ने दिलाई सदस्यता
कांग्रेस की दूसरी सूची जारी होने से पहले ही छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में 700 कांग्रेस कार्यकार्ताओं ने बगावत करते हुए BJP का दामन थाम लिया है। अब तक सामने आई जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के भानपुरी और मर्दापाल में कांग्रेस कार्यकार्ता भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके हैं। आज सुबह छत्तीसगढ़ में भारतीय जनता पार्टी के महामंत्री केदार कश्यप ने इन सभी 700 कार्यकर्ताओं को BJP कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा की सदस्यता दिलाई है।