
इंडिया फ़र्स्ट ।
देश में सबसे अधिक तेंदुओं की उपस्थिति के बाद किसी एक भू-भाग (लैंडस्केप) में इनकी सर्वाधिक संख्या के मामले में भी मध्य प्रदेश ही अव्वल रहा है। मप्र के पन्ना टाइगर रिजर्व में देश के किसी एक भू-भाग में सबसे ज्यादा तेंदुए हैं। यहां वर्ष 2018 में 350 तेंदुए गिने गए हैं। गणना के बाद के ढाई साल की भी बात करें, तो पन्ना टाइगर रिजर्व में तेंदुओं की संख्या 400 के पार पहुंच गई है। इसी तरह तेंदुओं की मौजूदगी के मामले में राजस्थान का सरिस्का राष्ट्रीय उद्यान दूसरे नंबर पर है, यहां 273 और आंध्र प्रदेश के नागार्जुन सागर श्रीशैलम राष्ट्रीय उद्यान में 227 तेंदुओं की गणना हुई है। भारतीय वन्यजीव संस्थान, देहरादून की निगरानी में वर्ष 2018 में देशभर में चौथा बाघ आकलन किया गया था। इस दौरान तेंदुए भी गिने गए थे।
इतनी है तेंदुओं की संख्या
केंद्रीय पर्यावरण, वन व जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने अगस्त 2021 में इनकी संख्या की रिपोर्ट जारी की थी। इसके मुताबिक, देश में सर्वाधिक 3421 तेंदुए मध्य प्रदेश में पाए गए थे। हाल ही में टाइगर रिजर्व (लैंडस्केप) में तेंदुओं की उपस्थिति की संख्या जारी की गई। इसके मुताबिक, पन्ना टाइगर रिजर्व तेंदुओं की सर्वाधिक संख्या के साथ देश में पहले स्थान पर है। पार्क में एक साल से अधिक उम्र के 350 तेंदुए गिने गए थे। इनमें से 273 तेंदुए पार्क के भीतर पाए गए तो 77 ऐसे तेंदुए मिले जो पार्क में होकर आना-जाना कर रहे हैं। सरिस्का राष्ट्रीय उद्यान में 231 तेंदुए पार्क के अंदर हैं, तो 42 तेंदुए पार्क को रास्ते की तरह उपयोग कर रहे हैं।
राष्ट्रीय उद्यानों में तेंदुओं की संख्या
- पार्क (राज्य) – संख्या
- पन्ना (मध्य प्रदेश) – 350
- सरिस्का (राजस्थान) – 273
- नागार्जुन सागर श्रीशैलम, (आंध्र प्रदेश)- 224
- अंशी दांडेली (काली), (कर्नाटक) – 221
- राजाजी (उत्तराखंड) – 221
- मुदुमलई (तमिलनाडु) – 209
- बंदीपुर (कर्नाटक) – 200
indiafirst.online