
इंडिया फर्स्ट न्यूज़।
बॉयफ्रेंड ने चाकू से 20 से ज्यादा वार किए
दिल्ली के शाहबाद डेरी इलाके में 16 साल की लड़की की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। वारदात का वीडियो CCTV में कैप्चर हो गया है। पुलिस के मुताबिक 20 साल के आरोपी साहिल ने साक्षी को रास्ते में रोका और चाकू से 20 वार किए। इसके बाद पत्थर से हमला किया।पुलिस का कहना है कि दोनों रिलेशनशिप में थे, लेकिन शनिवार को किसी बात पर दोनों का झगड़ा हो गया था।
कई लोग सड़क से गुजरे, कुछ लोगों ने रोकने की कोशिश भी की
पुलिस ने बताया- एक व्यक्ति ने लड़की की हत्या की जानकारी दी। पुलिस टीम को साक्षी का शव सड़क पर मिला। वह जेजे कॉलोनी की रहने वाली थी। जब वह रविवार शाम बर्थडे पार्टी में जा रही थी, तब अचानक साहिल ने उसे रोका और हमला कर दिया। पहले चाकू से वार किए। इसके बाद पत्थर पटका। उसके सड़क पर गिरने के बाद लगातार लात से मारता रहा।
हत्या के बाद साहिल फरार हो गया। वारदात के दौरान कुछ लोगों ने साहिल को रोकने की कोशिश भी की थी। हत्या तब हुई, जब साक्षी अपनी दोस्त के बेटे की बर्थडे पार्टी में जा रही थी। दिल्ली डिप्टी पुलिस कमिश्नर सुमन नलवा के मुताबिक, लड़की के शव का पोस्टमॉर्टम जारी है। उसके शरीर पर कई चोटें थीं। साहिल की तलाश के लिए 6 टीमें बनाई गई थीं।
घटना पर CM केजरीवाल ने कहा- LG साहब कुछ कीजिए
घटना की जानकारी मिलते ही CM केजरीवाल ने CCTV फुटेज ट्वीट करते हुए लिखा- दिल्ली में खुलेआम एक नाबालिग बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी जाती है। ये बेहद दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है। अपराधी बेखौफ हो गए हैं, पुलिस का कोई डर ही नहीं है। LG साहब, कानून व्यवस्था आपकी ज़िम्मेदारी है, कुछ कीजिए। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा सबसे महत्वपूर्ण है।indiafirst.online