
इंडिया फर्स्ट | इंटरनेशनल डेस्क |
हिंद महासागर में शनिवार (23 दिसंबर) को भारत आ रहे मालवाहक जहाज पर हमला ईरानी ड्रोन से किया गया था। अमेरिका के रक्षा विभाग ने यह दावा किया है। अमेरिकी रिपोर्ट के मुताबिक केम प्लूटो नाम के जहाज पर शनिवार सुबह 10 बजे हमला हुआ था। उस समय जहाज अमेरिका के संपर्क में था।
सऊदी अरब से तेल लेकर भारत आ रहा यह जहाज जापान का था और लाइबेरिया के फ्लैग से ऑपरेट हो रहा था। हमले के वक्त जहाज पोरबंदर तट से 217 नॉटिकल मील (करीब 400 किमी) दूर था। यह इलाका भारत के एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक जोन (EEZ) से बाहर पड़ता है।
वहीं, अमेरिकी मिलिट्री के मुताबिक शनिवार को रात करीब 10:30 बजे हूती विद्रोहियों ने लाल सागर में भारत के झंडे वाले गेबन के एक ऑयल टैंकर M/V साईंबाबा पर ड्रोन से हमला किया। अटैक यमन के सलीफ बंदरगाह से करीब 45 समुद्री मील दक्षिण-पश्चिम में बाब अल-मंडब स्ट्रेट के पास हुआ। indiafirst.online