मोदी बोले- छत्तीसगढ़ को ATM समझती है कांग्रेस:गंगा जी की झूठी कसम खाकर 36 वादे किए, हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया

इंडिया फर्स्ट। रायपुर

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह 10:45 बजे रायपुर पहुंचे और साइंस कॉलेज ग्राउंड से 7 हजार करोड़ रुपए की योजनाओं का उद्घाटन-शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री के साथ मंच पर राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, मनसुख मांडविया भी मौजूद थे।

प्रधानमंत्री ने सभा को संबोधित करते हुए आज के दिन को छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की इन योजनाओं से आदिवासी क्षेत्रों में विकास की नई यात्रा शुरू होगी। प्रधानमंत्री इसके बाद साइंस कॉलेज ग्राउंड में ही भाजपा की विजय संकल्प रैली को संबोधित किया।

PM ने कहा- छत्तीसगढ़ की कांग्रेस की सरकार भ्रष्टाचार की मॉडल बन गई है। यहां के CM से लेकर मंत्री और अधिकारी तक बड़े-बड़े घोटालों में फंसे हुए हैं। कांग्रेस का पंजा छत्तीसगढ़ को बर्बाद कर देगा। चुनाव से पहले ये 36 वादे करते हैं। इसे पूरा करने के लिए गंगा जी की झूठी कसम भी खाते हैं। बाद में हजारों करोड़ का शराब घोटाला करते हैं।

मोदी की सिलसिलेवार स्पीच….

कांग्रेस पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम की तरह
पीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस पार्टी के लिए छत्तीसगढ़ एक एटीएम की तरह है। छत्तीसगढ़ से 36 वादे जो कांग्रेस ने किए थे, उसमें एक ये था कि राज्य में शराब बंदी की जाएगी। 5 वर्ष बीत गए, लेकिन सच ये है कि कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में हजारों करोड़ का शराब घोटाला कर दिया है और इसकी पूरी जानकारी अखबारों में भरी पड़ी है।

कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी छत्तीसगढ़ सरकार
पीएम मोदी ने छत्तीसगढ़ सरकार को कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बताया। उन्होंने कहा, कोल माफिया, सैंड माफिया और लैंड माफिया, न जाने कैसे-कैसे माफिया यहां फल-फूल रहे हैं। यहां सूबे के मुखिया से लेकर तमाम मंत्रियों और अधिकारियों तक पर घोटाले के गंभीर से गंभीर आरोप लगते रहे हैं। आज छत्तीसगढ़ सरकार, कांग्रेस के करप्शन और कुशासन का मॉडल बन चुकी है।

PM मोदी के संबोधन की बड़ी बातें…

छत्तीसगढ़ के लोगों का जीवन आसान होगा
PM ने कहा- आज की योजनाएं इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी के लिए है। ये उपहार छत्तीसगढ़ के लोगों का जीवन आसान बनाने के लिए है। भारत सरकार के इन प्रोजेक्ट्स से यहां रोजगार के अनेकों नए अवसर भी बनेंगे।
यहां के धान किसानों, खनिज संपदा से जुड़े उद्यमियों और टूरिज्म को भी इन प्रोजेक्ट्स से बहुत लाभ मिलेगा। सबसे बड़ी बात यह है कि इनसे आदिवासी क्षेत्रों में सुविधा और विकास की नई यात्रा शुरू होगी।

इंफ्रास्ट्रक्चर कमजोर होगा तो विकास में देर होगी
मोदी ने कहा- भारत में हम सभी का दशकों पुराना अनुभव यही है कि जहां इंफ्रास्ट्रक्चर कमजोर रहा, वहां विकास भी उतनी ही देरी से पहुंचा। इसलिए आज भारत उन क्षेत्रों में अधिक इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रहा है, जो विकास की दौड़ में पीछे रह गए हैं। इंफ्रास्ट्रक्चर यानी लोगों के जीवन में आसानी, इंफ्रास्ट्रक्चर यानी व्यापार कारोबार में आसानी, इंफ्रास्ट्रक्चर यानी रोजगार के लाखों नए अवसरों का निर्माण, और इंफ्रास्ट्रक्चर यानी तेज विकास।

आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का संबंध सामाजिक न्याय से भी
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का एक और बहुत बड़ा लाभ है, जिस पर उतनी चर्चा नहीं होती। आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का संबंध सामाजिक न्याय से भी है। जो सदियों तक अन्याय और असुविधा झेलते रहे उन तक भारत सरकार आज ये आधुनिक सुविधाएं पहुंचा रही है। गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासियों की बस्तियों को आज ये सड़कें और रेल लाइनें जोड़ रही हैं। इन दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले मरीजों को, माताओं-बहनों को आज अस्पताल पहुंचने में सुविधा हो रही है।

आज छत्तीसगढ़ 2-2 इकोनॉमिक कॉरिडोर से जुड़ रहा है
9 वर्ष पहले छत्तीसगढ़ के 20% से अधिक गांवों में किसी तरह की मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं थी, आज ये घटकर लगभग 6% रह गई है। इनमें से अधिकतर जनजातीय और नक्सल हिंसा से प्रभावित गांव हैं। गांवों को भी अच्छी 4G कनेक्टिविटी मिले, इसके लिए भारत सरकार 700 से अधिक मोबाइल टॉवर लगवा रही है। इनमें से करीब 300 टॉवर का काम करना शुरू कर चुके हैं। आज छत्तीसगढ़ 2-2 इकोनॉमिक कॉरिडोर से जुड़ रहा है।

indiafirst.online

Comments are closed.

Check Also

#CG FIRST . Chief Minister Shri Vishnu Deo Sai Congratulates Students on CBSE Class 12 Board Examination Success.

INDIA FIRST . RAIPUR . ANIL PUSADKAR  Chief Minister Shri Vishnu Deo Sai has extended his …