कौन बनेगा करोड़पति 13 की हॉट सीट पर मध्य प्रदेश के सागर में तैनात महिला पुलिस अफसर निमिशा अहिरवार की एंट्री हुई है. उन्होंने पहले दिन बुधवार को 1.60 लाख रुपए जीत लिए. निमिशा का कहना है कि उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि KBC की हॉट सीट पर बैठेंगी. उन्होंने मां के कहने पर 9 मई को KBC में रजिस्ट्रेशन कराया.
पुलिस सब इंस्पेक्टर निमिशा ने बताया कि उनका पुलिस में चयन साल 2015 में हुआ था. उसके बाद वे ट्रेनिंग के लिए सागर आईं. बाद में यहीं पोस्टिंग और शादी हो गई. इसके बाद काम की वजह से पढ़ना-लिखना छूट गया. लेकिन मां ने हर वक्त कुछ न कुछ करने की प्रेरणा दी. माता-पिता हमेशा KBC देखते थे. इसलिए उन्होंने मुझे भी KBC में रजिस्ट्रेशन करने के लिए कहा. निमिशा ने बताया कि उन्होंने रजिस्ट्रेशन तो करा लिया, लेकिन ये नहीं पता था कि सिलेक्शन हो ही जाएगा.