अयोध्या में 22 लाख दीये जलाने का रिकॉर्ड बना

इंडिया फर्स्ट। अयोध्या।

अयोध्या में शनिवार 11 नवंबर को दीये जलाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना। 7वें दीपोत्सव पर सरयू नदी के किनारे 51 घाटों पर 22 लाख 23 हजार दीये जलाकर गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया गया।

इसके अलावा होलोग्राफिक लाइट के जरिए महर्षि वाल्मीकि की राम कथा सुनाई गई। लेजर शो के बाद 23 मिनट आतिशबाजी भी की गई। इस दौरान 84 लाख रुपए की कीमत के ग्रीन पटाखे जलाए गए।

घाटों पर 24 लाख दीप सजाए गए थे, लेकिन वर्ल्ड रिकॉर्ड 22 लाख 23 हजार दीये जलाने का बना। 24 लाख दीयो को जलाने के लिए 1 लाख 5 हजार लीटर सरसों तेल का इस्तेमाल किया गया।

54 देशों के राजदूत भी दीपोत्सव कार्यक्रम में पहुंचे। दीयों की गिनती के लिए 2 ड्रोन का इस्तेमाल किया गया। पिछली बार सरयू तट पर 15 लाख 76 हजार दीये जलाने का कीर्तिमान गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है।

इससे पहले सुबह श्रीराम के अयोध्या आगमन को प्रतीकात्मक रूप में दर्शाते हुए भव्य शोभा यात्रा निकाली गई। दोपहर में भगवान राम, माता सीता और लक्ष्मण पुष्पक विमान (हेलिकॉप्टर) से अयोध्या पहुंचे। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ ने सभी का स्वागत किया।

इसके बाद प्रभु राम को रामकथा पार्क लाया गया। यहां उनका राज्याभिषेक हुआ। सीएम योगी ने राम का राज तिलक किया।

indiafirst.online

Comments are closed.

Check Also

#SPORTS FIRST . Madhya Pradesh’s Largest International Sports Complex Takes Shape in Bhopal .

INDIA FIRST . BHOPAL . RIYA CHANDANI ₹985.76 Crore Mega Project to Position MP as India’s …